करवा चौथ 2025 व्रत: तिथि, मुहूर्त और पूजा विधि
Karwa Chauth 2025 – सुहागिन महिलाओं के लिए करवा चौथ का व्रत किसी वरदान से कम नहीं है। इस व्रत को धारण करने से पति की आयु लंबी होती है, पति को कार्यों में सफलता प्राप्त होती है और वैवाहिक जीवन सुखमय बनता है। यह व्रत हर एक सुहागिन महिला निर्जल रूप से धारण करती हैं।
कार्तिक मास की कृष्ण पक्ष की चौथी तिथि को करवा चौथ का व्रत रखा जाता है। इस दिन महिलाएं 16 श्रृंगार धारण करके मां चौथ माता की पूजा करती हैं। चंद्रमा उदित होने पर उनके दर्शन करती हैं, फिर पति के दर्शन करके, चंद्रमा को अर्घ्य देती हैं और पति के हाथों से जल ग्रहण करके व्रत का समापन करती हैं।
करवा चौथ 2025: तिथि और चंद्रोदय का समय
- चतुर्थी तिथि प्रारंभ – 9 अक्टूबर 2025, रात 10:54 बजे
- चतुर्थी तिथि समाप्त – 10 अक्टूबर 2025, रात 7:38 बजे
सूर्योदय कालीन तिथि 10 अक्टूबर को मिल रही है, इसलिए करवा चौथ का व्रत 10 अक्टूबर 2025, शुक्रवार को रखा जाएगा। शुक्रवार का दिन मां लक्ष्मी को प्रिय माना जाता है।
सूर्योदय समय – सुबह 6:25 बजे
सूर्यास्त समय – शाम 6:09 बजे
चंद्रोदय समय – शाम 7:42 बजे
करवा चौथ व्रत और पूजा विधि
करवा चौथ व्रत सूर्योदय से चंद्रोदय तक निर्जल रखा जाता है। व्रत से एक दिन पहले यानी 9 अक्टूबर को नहाए-खाए की परंपरा निभाई जाएगी। इस दिन बाल धोना और सात्विक भोजन ग्रहण करना चाहिए।
सरगी का समय – सुबह 4:00 से 5:00 बजे तक
ब्रह्म मुहूर्त – सुबह 4:49 से 5:37 तक
अमृत काल – दोपहर 3:21 से 4:47 तक
पूजा का शुभ मुहूर्त – शाम 5:57 से 7:11 तक
इस दिन शाम के प्रदोष काल में चौथ माता की पूजा की जाती है। महिलाएं 16 श्रृंगार करती हैं और व्रत कथा सुनती हैं। चंद्रोदय के समय चंद्रमा को अर्घ्य देकर पति के चरण स्पर्श करती हैं और उनके हाथ से जल ग्रहण कर व्रत का पारण करती हैं।
करवा चौथ व्रत के नियम और सरगी
- व्रत के दिन पूर्ण रूप से निर्जल रहना आवश्यक है।
- सरगी में फल, मेवे, नारियल पानी या हल्की चीजें ग्रहण करनी चाहिए ताकि दिनभर ऊर्जा बनी रहे।
- 9 अक्टूबर से ही लहसुन-प्याज का सेवन त्याग देना चाहिए।
- गर्भवती और बीमार महिलाओं को जल, दूध और फल लेने की छूट है।
- इस दिन कैंची, सुई और चाकू जैसी नुकीली वस्तुओं का उपयोग नहीं करना चाहिए।
पहली बार व्रत रखने वाली महिलाएं सरगी खाना कभी न भूलें, वरना व्रत अधूरा माना जाता है। मेहंदी एक-दो दिन पहले ही लगा लें ताकि तनाव न रहे।
