ई-श्रम कार्ड क्या है और क्यों बना रही है सरकार इतना बड़ा डाटा?
दोस्तों, ई-श्रम कार्ड को लेकर बहुत सारे कमेंट आते हैं। आपको बता दूं, गवर्नमेंट स्कीम पर मैं जो पोस्ट बनाता हूं या अपडेट करता हूं, उनमें सबसे ज्यादा कमेंट अगर किसी विषय पर आते हैं तो वो ई-श्रम कार्ड को लेकर आते हैं। लोग पूछते हैं – “क्या फायदा हुआ?”, “कुछ पैसा मिला ही नहीं”, “कोई लाभ नहीं मिला”, “सरकार ने ऐसे ही बनवा दिया” आदि।
लेकिन आपको समझना होगा कि इसका असली फायदा भविष्य में मिलने वाला है। जैसे पहले आधार कार्ड का कोई महत्व नहीं था लेकिन आज हर चीज़ आधार से जुड़ी है – बैंक, इंश्योरेंस, गाड़ी, यात्रा, होटल, वोटर ID, पासपोर्ट, राशन कार्ड – सब आधार से लिंक है। ठीक उसी तरह ई-श्रम कार्ड भी आने वाले सालों में आपका सबसे अहम डॉक्यूमेंट बन सकता है।
सरकार के पास मजदूरों का डाटा क्यों इकट्ठा किया जा रहा है?
ई-श्रम कार्ड कोई नॉर्मल कार्ड नहीं है। यह असंगठित क्षेत्र के मजदूरों की पूरी जानकारी सरकार के पास एकत्रित करने के लिए बनाया गया है – आपका नाम, मोबाइल नंबर, बैंक अकाउंट, पता, पेशा, कमाई आदि सब कुछ।
कोई भी असंगठित मजदूर – रिक्शा चालक, ठेला वाला, ड्राइवर, सब्जीवाला, चायवाला, सिलाई करने वाला, दूधवाला, अखबार बेचने वाला, पंचर मैकेनिक, कंस्ट्रक्शन वर्कर, खेत मजदूर, माली, फैक्ट्री मजदूर आदि – हर कोई इसके अंतर्गत आता है।
सरकार के पास ये डाटा जब पूरा हो जाएगा (लगभग 38–45 करोड़ लोग), तब इस डाटा के आधार पर योजनाएं लाई जाएंगी। जैसे अभी BPL (Below Poverty Line) कार्ड वालों को आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, अंत्योदय योजना का लाभ मिलता है, ठीक वैसे ही ई-श्रम कार्ड धारकों को भी विशेष योजनाओं का लाभ मिलेगा।
भविष्य में क्या फायदे मिलने की संभावना है ई-श्रम कार्ड से?
- ई-श्रम कार्ड धारकों को भविष्य में विशेष पहचान मिलेगी।
- योजनाओं का लाभ जैसे कि आयुष्मान भारत कार्ड, आवास योजना, रोजगार योजना आदि इसी डाटा के आधार पर मिलेगा।
- सरकार को पता रहेगा कि किन्हें रोजगार देना है, किन्हें स्वास्थ्य या शिक्षा सहायता चाहिए।
- एक्सीडेंटल इंश्योरेंस ₹2 लाख तक मिलता है।
- ई-श्रम कार्ड आपका एक पहचान प्रमाण है – आप जो काम करते हैं, उसका सरकारी सर्टिफिकेट।
ये कार्ड किसी राज्य सरकार का नहीं, बल्कि भारत सरकार की योजना है, जो पूरे देश में लागू है। बहुत से लोग पूछते हैं कि क्या ई-श्रम कार्ड और लेबर कार्ड दोनों बनवा सकते हैं? तो हां! क्योंकि लेबर कार्ड राज्य सरकार का होता है और ई-श्रम कार्ड सेंट्रल गवर्नमेंट का।
क्या तुरंत फायदा मिलेगा?
ई-श्रम कार्ड का लाभ धीरे-धीरे मिलेगा, तुरंत नहीं। जैसे आधार कार्ड का असली फायदा 7-8 साल बाद दिखा, वैसे ही ई-श्रम कार्ड का भी। अब आपसे अनुरोध है कि इस पोस्ट को लेकर किसी गलतफहमी में न रहें कि इससे तुरंत पैसा, पेंशन या हर महीने कोई भत्ता मिलेगा। ये कार्ड आपकी मेहनत और पहचान को दर्ज करने वाला है। भविष्य में जब सरकार योजनाएं लाएगी तो यही कार्ड आपके लिए रास्ता बनाएगा।
